महिला डॉक्टर से दुष्कर्म की कोशिश, होटल कर्मचारी हिरासत में

महिला डॉक्टर से दुष्कर्म की कोशिश, होटल कर्मचारी हिरासत में

संदेश भारत, रायपुर।

राज्य की ऊर्जाधानी कोरबा में शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एसपी कार्यालय के सामने स्थित टॉप इन टाउन होटल में ठहरी एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे की है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी होटल सफाईकर्मी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले से चार डॉक्टर कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए आए थे, जिनमें से दो महिला डॉक्टर वापस लौट गईं जबकि दो अन्य डॉक्टर होटल में अलग-अलग कमरों में रुके हुए थे। इसी दौरान आधी रात करीब 2 बजे होटल का सफाईकर्मी राजा खड़िया (उम्र 35 वर्ष) खिड़की से कूदकर एक महिला डॉक्टर के कमरे में घुस गया और दुष्कर्म की कोशिश करने लगा।

महिला डॉक्टर ने साहस दिखाते हुए उसका विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आरोपी डर के मारे वहां से भाग निकला।

घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की पहचान राजा खड़िया के रूप में हुई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल जांच करवाई गई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर होटल प्रबंधन से भी जवाबतलबी की जा रही है।

यह घटना महिला सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है, खासकर जब यह शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई हो।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies