संदेश भारत रायपुर। पंडवानी की महान गायिका स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के लिए रायपुर में आयोजित सांगीतिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके कला जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। इस अवसर पर मंत्री ने घोषणा की कि पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को अब 'तीजन बाई राज्य अलंकरण पुरस्कार' से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति मंत्री ने स्वर्गीय तीजन बाई के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया। साथ ही उन्होंने तीजन बाई के पैतृक गांव गनियारी को 'कला ग्राम' के रूप में विकसित करने की घोषणा की, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पंडवानी परंपरा से प्रेरणा ले सकें।
घासीदास संग्रहालय में रखा जाएगा ऐतिहासिक तंबूरा
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तीजन बाई द्वारा वर्षों तक उपयोग किया गया ऐतिहासिक तंबूरा अब घासीदास संग्रहालय में संरक्षित और प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग तीजन बाई की स्मृतियों, उनके कला-साधना और सांस्कृतिक योगदान को सहेजने के लिए विशेष प्रयास करेगा, ताकि उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रूप से पहुंच सके।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकारों, साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया तथा स्वर्गीय तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान पंडवानी की समृद्ध परंपरा और तीजन बाई के योगदान को याद करते हुए उन्हें भारतीय लोककला की अमूल्य धरोहर बताया गया।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies