CMO गिरफ्तार: कार की टक्कर से दो की मौत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष की बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त हुआ था हादसा

CMO गिरफ्तार: कार की टक्कर से दो की मौत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष की बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त हुआ था हादसा

संदेश भारत,मुंगेली।  मुंगेली जिले में हुए चर्चित सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोप है कि उनकी स्कोडा कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

1 अगस्त की देर रात हुआ था हादसा

घटना जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला मेन रोड की है। पुलिस के अनुसार, शादी समारोह का ऑर्डर पूरा कर लौट रहे तीन लोग सड़क किनारे रुके हुए थे। इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार (CG-15-DN-3866), जिस पर 'CMO (UAD) CG Government' लिखा था, तेज रफ्तार और गलत दिशा से आई तथा बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

दो की मौत, एक की हालत गंभीर

हादसे में किरण बसोर (39) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंजली बसोर (35) ने बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे घायल विकेश साहू का इलाज जारी है। तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी बताए गए हैं।

हादसे के बाद चालक फरार, मौके से मिली CMO नेम प्लेट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल से 'CMO' लिखी नेम प्लेट बरामद हुई, जबकि दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार बाद में तखतपुर नगर पालिका कार्यालय के पास क्षतिग्रस्त हालत में मिली।

बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे CMO

पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे के समय कार में CMO अमरेश सिंह सहित अन्य लोग सवार थे। सभी मुंगेली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से तखतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बरेला के पास यह हादसा हुआ।

पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दावा किया है कि आरोपी CMO ने तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मारी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर स्कोडा कार जब्त कर ली गई।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

जरहागांव थाना पुलिस ने आरोपी अमरेश सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) एवं 105 के तहत मामला दर्ज किया है। 3 अगस्त को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यातायात नियमों के पालन की अपील

एसएसपी भोजराम पटेल ने लोगों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से बचने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Author lusika sahu
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies