BREAKING NEWS : छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी का दो दिवसीय दौरा आज से, भाजपा संगठन और मंत्रियों के कामकाज की होगी समीक्षा

BREAKING NEWS : छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी का दो दिवसीय दौरा आज से, भाजपा संगठन और मंत्रियों के कामकाज की होगी समीक्षा

संदेश भारत रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रविवार को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रायपुर आएंगे। प्रदेश प्रभारी की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है। इस दौरान भाजपा संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं और सरकार के कामकाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। दौरे के दौरान पार्टी की कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं।

एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक स्वागत की तैयारी

स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए भाजपा संगठन की ओर से रायपुर एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय तक तैयारियां की गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्थानों और चौक-चौराहों पर स्वागत की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की ओर से बाइक रैली निकालने की भी तैयारी है।

संगठनात्मक बैठकों में बनेगी आगामी रणनीति

दौरे के पहले दिन 25 अक्टूबर को भाजपा संगठन की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना जाएगा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी।

दोपहर में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजनाओं पर विचार किया जाएगा।

शाम को पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी, जिसमें संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

26 अक्टूबर को विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ बैठक

दौरे के दूसरे दिन सोमवार, 26 अक्टूबर को भी बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। दिन की शुरुआत भाजपा विधायकों के साथ बैठक से होगी। इसके बाद सांसदों के साथ चर्चा प्रस्तावित है।

कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रियों के साथ भी बैठक करेंगी। इस दौरान मंत्रियों के कामकाज और उपलब्धियों की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित होगी।

दूसरे दिन के कार्यक्रम में विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संवाद भी शामिल है।

संगठन और सरकार के बीच समन्वय पर रहेगा फोकस

स्मृति ईरानी के इस दौरे को छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाली बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकार के मंत्रियों से संवाद के जरिए संगठनात्मक कार्यों तथा सरकारी योजनाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies