भिलाईनगर। रायपुर मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
UPI से 4.20 लाख, बाकी रकम नकद देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, कोहका की टाटा लाइन में गायत्री मंदिर के पास रहने वाली निरंजना ने शिकायत दर्ज कराई है कि राहुल वर्मा उर्फ बुधराम जंघेल, निवासी राधिका नगर, सुपेला ने उसे मंत्रालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी आश्वासन पर युवती ने करीब 8 से 9 महीने पहले आरोपी को कुल 9 लाख रुपये दिए थे। इसमें 4 लाख 20 हजार रुपये UPI ट्रांजेक्शन के माध्यम से और शेष रकम नकद देने की बात शिकायत में कही गई है।
खुद को तहसीलदार बताने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने खुद को सारंगढ़ का तहसीलदार बताया था और अपना तबादला सूरजपुर होने की बात कही थी। आरोप है कि उसने युवती को मंत्रालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और अपनी गाड़ी क्रमांक CG 24 P 2303 में बैठाकर मंत्रालय भी ले गया था।
मोबाइल बंद, बताए गए पते पर नहीं मिला आरोपी
पीड़िता का आरोप है कि अब संबंधित व्यक्ति बताए गए पते पर नहीं रहता और जिस मोबाइल नंबर के माध्यम से उससे संपर्क होता था, वह भी बंद आ रहा है। इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की।
फिलहाल सुपेला पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies