Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर, कई जिलों में बारिश का अलर्ट; शुक्रवार से बढ़ेगी ठंड

Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर, कई जिलों में बारिश का अलर्ट; शुक्रवार से बढ़ेगी ठंड

संदेश भारत, रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार को बारिश दर्ज की गई। बारिश और तेज हवाओं के चलते दिन के तापमान में गिरावट आई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बस्तर संभाग में बारिश की अधिक संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर संभाग में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी आशंका है।

इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट: नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा।

येलो अलर्ट: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा और सुकमा।

अलर्ट वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रायपुर में सामान्य से 4.8 डिग्री नीचे पहुंचा अधिकतम तापमान

बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। माना में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री, बिलासपुर में 27.8 डिग्री, पेंड्रा में 26 डिग्री, अंबिकापुर में 27.5 डिग्री और जगदलपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जगदलपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री नीचे रहा। वहीं, माना में 5.1 डिग्री और बिलासपुर में 2.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान में आई इस गिरावट के चलते दिन के समय भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा।

शुक्रवार से गिर सकता है न्यूनतम तापमान

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग दो से तीन डिग्री अधिक बताया गया है। आने वाले दिनों में तापमान गिरने से सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान और चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी जाती है।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies