पाकिस्तान। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के थारपारकर जिले में एक एंबुलेंस में हुए भीषण विस्फोट से 8 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हादसा डैनो धंडल स्थित बेसिक हेल्थ यूनिट (BHU) के बाहर बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर लगाने या बदलने के दौरान अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद वाहन में आग लग गई।
स्वास्थ्य कर्मियों और नवजात की भी मौत
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में स्वास्थ्य कर्मियों, एक महिला और एक नवजात शिशु सहित 8 लोगों की जान चली गई। कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी भी सामने आई है।
राहत-बचाव कार्य शुरू
विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन, हेल्थ इमरजेंसी, रेस्क्यू 1122 और नगर अधिकारियों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने लिया घटना का संज्ञान
रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंध के गृह एवं कानून मंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। शुरुआती जानकारी में ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies