संदेश भारत, रायपुर। क्या एक जिले में दो जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) हो सकते हैं? यह सवाल सारंगढ़ जिले में गंभीर हो चुका है, जहां प्रशासनिक फेरबदल के बाद दो अधिकारी एक ही पद पर काबिज हैं, और उनकी बीच घमासान जारी है। मामला इस कदर बढ़ गया है कि दोनों के बीच कुर्सी को लेकर खुली लड़ाई छिड़ी हुई है।
दरअसल, जिले के शिक्षा विभाग में एलपी पटेल को प्रशासन ने ट्रांसफर कर विभावरी सिंह ठाकुर को नई जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया था। लेकिन पटेल ने अपने ट्रांसफर के खिलाफ हाई कोर्ट से स्टे (रोक) ले लिया, जिसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच एक ही पद पर कब्जा करने की स्थिति बन गई। अब जिले में दो डीईओ का कामकाज चल रहा है, और प्रशासन इस विवाद को सुलझाने में नाकाम साबित हो रहा है।
लेकिन मामला यहीं तक सीमित नहीं है। विभावरी सिंह ठाकुर ने कलेक्टर को पत्र लिखकर एलपी पटेल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पटेल ने कार्यालय में उनका पदभार ग्रहण करने नहीं दिया और गाली-गलौच के साथ अभद्रता की। विभावरी सिंह ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि पटेल ने न केवल उनकी इज्जत से खिलवाड़ किया, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया।
इस विवाद ने जिले के शिक्षा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। एक ही पद पर दो अधिकारी होने से न केवल प्रशासनिक कार्यों में रुकावट आई है, बल्कि जिले के शिक्षा क्षेत्र की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। सवाल यह उठता है कि जब प्रशासन खुद विवादों में घिरा हुआ है, तो शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस घमासान को शांत कराता है या यह विवाद और गहरा होता है।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies