बेमेतरा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री का आरोप, शिवसेना नेता दाऊ राम चौहान ने फूड सेफ्टी विभाग को लगाई फटकार

बेमेतरा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री का आरोप, शिवसेना नेता दाऊ राम चौहान ने फूड सेफ्टी विभाग को लगाई फटकार

Sandesh bharat bemetara: बेमेतरा जिले में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री की बिक्री को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान ने आरोप लगाया है कि बेमेतरा जिले में लंबे समय से कुछ किराना थोक व्यापारियों द्वारा एक्सपायरी डेट की सामग्री खुलेआम बेची जा रही है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

HIGHLIGHTS

1. बेमेतरा में एक्सपायरी सामान की बिक्री पर शिवसेना हमला, फूड सेफ्टी विभाग को दी चेतावनी।

 2. सावधान! बेमेतरा के स्मार्ट पॉइंट में बिक रहा एक्सपायरी सामान? दाऊ राम चौहान ने की जांच की मांग।
 3. जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं! बेमेतरा में बड़े सुपर बाजारों की जांच की मांग तेज।


दाऊ राम चौहान ने कहा कि हाल ही में जिला मुख्यालय और मुख्य मार्ग में स्थित “स्मार्ट प्वाइंट” नामक दुकान द्वारा एक्सपायरी खाद्य सामग्री को आधे दाम में बेचे जाने की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य सूत्रों के माध्यम से सामने आई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और संबंधित दुकान में तुरंत जांच करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी विभाग को स्मार्ट प्वाइंट दुकान में दबिश देकर वहां उपलब्ध सभी खाद्य पदार्थों और अन्य सामग्री की एक्सपायरी डेट की जांच करनी चाहिए। यदि एक्सपायरी सामग्री की बिक्री की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।

दाऊ राम चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि जिले में कई बड़े सुपर बाजार और किराना दुकानों में भी एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिलती रहती हैं। उन्होंने फूड सेफ्टी विभाग से मांग की है कि आम जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर दुकानों की जांच की जाए और एक्सपायरी सामग्री को नष्ट कर दोषी व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की लापरवाही पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए प्रशासन को इस मामले में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।

Author heeralal
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies