संदेश भारत, रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईयर सेकेंडरी परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्रा रितु साहू को राजभवन रायपुर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों सम्मानित किया गया।
हाईयर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2025 में शानदार अंक प्राप्त कर टॉप-10 में स्थान बनाने पर बेमेतरा जिले की छात्रा रितु साहू को प्रशस्ति पत्र एवं 1.5 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रितु साहू इंडियन पब्लिक स्कूल, हिंदी माध्यम, बेमेतरा की कक्षा 12वीं (विज्ञान संकाय) की छात्रा हैं। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में 95.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बेमेतरा जिले में जिला स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया और प्रदेश की मेरिट सूची में भी अपनी जगह बनाई।
सम्मान समारोह के बाद रितु साहू ने कहा कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही लोगों के स्वास्थ्य के लिए काम करने की प्रेरणा मिली है और इसके लिए वे लगातार मेहनत कर रही हैं।
रितु साहू बचपन से ही अपने मामा राजेंद्र साहू के यहाँ रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने मामा, परिवार और शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी।
इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सभी मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं और उन्हें आगे बढ़कर समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies