संदेश भारत, धमतरी। जिले के ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीक के साथ सीखने और नवाचार करने का अवसर मिलेगा। मगरलोड क्षेत्र में शिक्षा विभाग की ओर से अत्याधुनिक रोबोटिक्स एवं 3D प्रिंटिंग लैब विकसित की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़ाकर प्रैक्टिकल लर्निंग, इनोवेशन और तकनीकी कौशल से जोड़ना है।
प्रस्तावित लैब में छात्र-छात्राएं रोबोटिक्स, प्रोग्रामिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजाइन और 3D प्रिंटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। हाल ही में आयोजित रोबोटिक्स वर्कशॉप में विद्यार्थियों ने मॉडल तैयार कर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने बच्चों के प्रोजेक्ट्स का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
'लर्निंग बाय डूइंग' मॉडल पर आधारित इस लैब में विद्यार्थी अपने आइडिया को प्रोटोटाइप और वास्तविक मॉडल में बदल सकेंगे। यह पहल ग्रामीण युवाओं में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के साथ भविष्य में इनोवेशन और स्टार्टअप संस्कृति को भी बढ़ावा देगी।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies