संदेश भारत धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगरी और मगरलोड थाना क्षेत्रों में पुलिस ने दबिश देकर बिना वैध लाइसेंस के बिक्री और भंडारण के लिए रखे गए पटाखे जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
नगरी में घर से 1.30 लाख रुपये के पटाखे जब्त
पुलिस की पहली कार्रवाई नगरी क्षेत्र के ग्राम फरसिया में हुई। यहां एक घर में बिना वैध लाइसेंस के बिक्री के लिए विभिन्न कंपनियों के पटाखे रखे गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब 1 लाख 30 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए। मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की गई है।
मगरलोड में किराना स्टोर से पटाखे बरामद
दूसरी कार्रवाई मगरलोड थाना क्षेत्र के भरदा मार्ग पर स्थित बेकरी एवं किराना स्टोर में की गई। पुलिस टीम ने यहां दबिश देकर एक कार्टून में रखे विभिन्न कंपनियों के करीब 16 हजार 500 रुपये के पटाखे जब्त किए।
पुलिस की कार्रवाई में तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies