संदेश भारत, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सरकंडा पुलिस ने कथित न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। पुलिस ने उसे रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही थीं। इन खबरों में AI तकनीक से तस्वीरों को बदलकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा था, जिससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
मोबाइल फोन से आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो बरामद
शिकायत की जांच के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची और उसे रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन की जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies