कोटा मोहबा बाजार में शराब भट्ठी के खिलाफ फिर भड़का जनाक्रोश, मंत्री लखन लाल देवांगन से की गई शिकायत

कोटा मोहबा बाजार में शराब भट्ठी के खिलाफ फिर भड़का जनाक्रोश, मंत्री लखन लाल देवांगन से की गई शिकायत

संदेश भारत रायपुर । राजधानी रायपुर के कोटा मोहबा बाजार क्षेत्र में शराब भट्ठी को लेकर एक बार फिर जनाक्रोश उभर कर सामने आया है। स्थानीय नागरिकों के भारी विरोध के बावजूद दो वर्ष पूर्व हटाई गई दारू दुकान को पुनः उसी स्थान पर खोल दिए जाने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

इसी क्रम में आज मारुति विहार कॉलोनी, श्रीजी टॉवर, मारुति हाईट, महंत तालाब कृष्णा नगर और ज्योति नगर कोटा सहित प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ शासन के आबकारी मंत्री माननीय श्री लखन लाल देवांगन से उनके निवास कार्यालय अटल नगर, नवा रायपुर में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शराब भट्ठी को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग रखी।


प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को 44 पन्नों का विस्तृत आवेदन सौंपा, जिसमें 1145 लोगों के नाम, पते, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने 11 अप्रैल 2025 को विधायक और कलेक्टर रायपुर को दिए गए पूर्व आवेदन, पत्राचार और अब तक हुए विरोध प्रदर्शनों की समाचार पत्रों में प्रकाशित प्रतियां भी सौंपीं।

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनविरोध के चलते करीब दो वर्ष पहले इस शराब दुकान को हटाया गया था, जिससे क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी हुई थी। लेकिन 3 मई 2025 को अचानक इसे फिर से खोल दिया गया, जिससे क्षेत्र में फिर से अव्यवस्था और असुरक्षा का माहौल बन गया।

शराब दुकान खुलने के बाद लगातार विवाद, झगड़े और असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं सामने आने लगीं। स्थिति इतनी बिगड़ी कि 20 सितंबर 2025 को 500 से अधिक लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उस दौरान प्रशासन की ओर से पहुंचे तहसीलदार ने आश्वासन दिया था कि जल्द समाधान निकाला जाएगा, जिसके बाद लोगों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

6 महीने बाद भी नहीं हुआ समाधान

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद 6 महीने बीत जाने के बाद भी शराब भट्ठी को स्थानांतरित नहीं किया गया। इससे लोगों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।

जनता की मुख्य मांगें:

  1. शराब भट्ठी को तत्काल आबादी क्षेत्र से हटाया जाए
  2. कानून व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए
  3. बच्चों और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाया जाए

क्या बोले क्षेत्रवासी?

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यह केवल शराब दुकान का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा, सामाजिक वातावरण और भविष्य से जुड़ा मामला है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies