संदेश भारत रायपुर। भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान 13 और 14 मई 2026 को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेंगे।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय राज्य मंत्री 13 मई को रायपुर में राज्य स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (डीडीयू-जीकेवाई) और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) सहित ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति, लंबित कार्यों, हितग्राहियों तक पहुंच और भविष्य की रणनीति पर अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में संचालित ग्रामीण विकास गतिविधियों एवं वीबी-जी राम जी से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री के प्रवास के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ संगोष्ठी और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, रोजगार, सड़क, आवास और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
14 मई को केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ग्रामीण विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं नवाचारों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेंगे। साथ ही स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी सुनेंगे।
सरकार की मंशा है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गति बनी रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री का यह दौरा ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा और जमीनी स्तर पर फीडबैक लेने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies