लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा देश, केंद्र बुलाए सर्वदलीय बैठक : दीपक बैज

लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा देश, केंद्र बुलाए सर्वदलीय बैठक : दीपक बैज

संदेश भारत, रायपुर। दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देश धीरे-धीरे दूसरे लॉकडाउन जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार हालात संभालने के बजाय जनता से त्याग और कम उपयोग की अपील कर रही है।

राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर महंगाई, ईंधन संकट और बेरोजगारी को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों से देशभर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों और उपलब्धता को लेकर आम लोग परेशान हैं। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार महंगाई और आर्थिक संकट को लेकर केंद्र सरकार को आगाह करते रहे हैं, लेकिन सरकार ने इन चेतावनियों को नजरअंदाज किया। अब जब हालात बिगड़ रहे हैं तो जनता से ईंधन की खपत कम करने की अपील की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की यह अपील लोगों को राहत देने के बजाय उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है। बैज ने कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है, परिवहन महंगा हो चुका है और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में सरकार को राहत देने वाले फैसले लेने चाहिए, न कि जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने वाले बयान देने चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की कि मौजूदा आर्थिक और ईंधन संकट पर गंभीर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। उन्होंने कहा कि देश के सामने खड़े आर्थिक संकट, महंगाई और रोजगार जैसे मुद्दों पर सभी राजनीतिक दलों से चर्चा कर ठोस समाधान निकालना जरूरी है।

दीपक बैज ने कहा कि केंद्र सरकार को जनता की परेशानियों को समझते हुए पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अगर हालात पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो देश में आर्थिक गतिविधियां और अधिक प्रभावित हो सकती हैं।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies