मछली पकड़ने गया ग्रामीण उफनते नाले में बहा, 48 घंटे बाद मिला शव

मछली पकड़ने गया ग्रामीण उफनते नाले में बहा, 48 घंटे बाद मिला शव

संदेश भारत कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र स्थित डिंडोलभाठा गांव में मछली पकड़ने गए एक ग्रामीण की उफनते नाले में बहने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार दो दिनों तक रेस्क्यू अभियान चलाया। आखिरकार 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण का शव बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी बंधु लोहार (52 वर्ष) सोमवार को गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से वे बह गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तेज जलधारा के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि अंधेरा होने और तेज बहाव के कारण अभियान को बीच में रोकना पड़ा।


बताया जा रहा है कि यह नाला आगे चलकर अहिरन नदी में मिलता है। लगातार हो रही बारिश से जलस्तर बढ़ने के कारण तलाश अभियान प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कई घंटों की तलाश के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया।

शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies