बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह से 4 नाबालिग फरार, चौकीदार की हत्या के बाद फिल्मी अंदाज में हुए फरार

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह से 4 नाबालिग फरार, चौकीदार की हत्या के बाद फिल्मी अंदाज में हुए फरार

संदेश भारत,बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से चार विधि के साथ संघर्षरत नाबालिग चौकीदार की हत्या के बाद फरार हो गए। घटना के बाद सरकंडा थाना पुलिस ने हत्या और फरारी का मामला दर्ज कर चारों की तलाश शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव निवासी नरेंद्र कुमार खांडे बाल संप्रेक्षण गृह में संविदा पर नाइट चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। रविवार देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच चारों नाबालिगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उनके हाथ-पैर बांध दिए गए और गला दबाने के साथ मुंह में गमछा ठूंस दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

वारदात के बाद इस तरह हुए फरार

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के बाद आरोपी दूसरे चौकीदार की बाइक और परिसर के ताले की चाबी लेकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि वे पहले भवन की छत पर पहुंचे, फिर दूसरी छत के रास्ते नीचे उतरे और सुरक्षा के लिए लगाए गए कांटेदार तार को हटाकर लकड़ी की सीढ़ी के सहारे परिसर से बाहर निकल गए। जांच के दौरान यह भी पता चला कि फरार होने से पहले आरोपी सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, सामान्यतः नाबालिगों को अलग-अलग कमरों में रखा जाता है, लेकिन घटना वाली रात चारों एक साथ मौजूद थे। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई।

परिजनों ने की मुआवजे की मांग

घटना के बाद मृतक चौकीदार के परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। परिजनों ने बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर प्रदर्शन भी किया।

तलाश में जुटी पुलिस

सरकंडा पुलिस ने चारों नाबालिगों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। वहीं फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।

Author lusika sahu
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies