संदेश भारत,गरियाबंद। राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राज्य शासन ने राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत की सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं होंगी।
राज्य शासन के इस फैसले के बाद राजिम क्षेत्र में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि नगर पालिका बनने से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और शहरी सुविधाओं का विस्तार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका बनने से राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ शहरवासियों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies