संदेश भारत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा नगर में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी सवार पिता और उनके मासूम पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, परिवार पेंड्रा के कुडकई गांव का रहने वाला था और स्कूटी से पेंड्रा की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में बेकाबू ट्रेलर स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता और पुत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर चालक को ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पेंड्रा पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies