संदेश भारत रायपुर। 10 जून 2024 को बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में हुई हिंसा एवं आगजनी के चर्चित मामले में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव और उनके सहयोगी दिनेश वर्मा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा कर दिया गया है।
जेल के बाहर बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। रिहाई के बाद समर्थकों ने दोनों नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की।
वहीं, इसी मामले में गिरफ्तार जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल को भी सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। हालांकि, आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण वे आज जेल से रिहा नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार, अमित बघेल के कल जेल से बाहर आने की संभावना है।
गौरतलब है कि 10 जून 2024 को गिरौदपुरी के महकोनी गांव में सतनामी समाज के आस्था-प्रतीक जैतखाम को क्षति पहुंचाए जाने के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान भीड़ उग्र हो गई थी। इसके बाद कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में तोड़फोड़, आगजनी तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना हुई थी। इस मामले में अब तक 200 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी शामिल रहे हैं।
अजय यादव और दिनेश वर्मा की रिहाई के बाद अब समर्थकों की निगाहें जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल की रिहाई पर टिकी हैं। उनके स्वागत की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies