Breaking News: CMO' लिखी कार ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत, 1 गंभीर | हादसे के बाद चालक फरार

Breaking News: CMO' लिखी कार ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत, 1 गंभीर | हादसे के बाद चालक फरार

संदेश भारत, मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेला के पास शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, 'CMO' लिखी एक कार ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलते हुए बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


मृतकों की पहचान किरण बसूर (39 वर्ष) और अंजली बसूर (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं विकेश साहू (करीब 36 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है। तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी बताए जा रहे हैं और तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में सूचना मिली कि संबंधित कार तखतपुर नगर पालिका के पास क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। दुर्घटनास्थल से कार की नंबर प्लेट भी बरामद हुई, जिस पर 'CMO' लिखा हुआ था। इसके बाद पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि हादसे के समय कार में तखतपुर नगर पालिका के CMO सहित अन्य लोग सवार थे, जो मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे। हालांकि, इस दावे की किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसे फिलहाल केवल स्थानीय चर्चा के रूप में ही देखा जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। कार कौन चला रहा था, उसमें कौन-कौन सवार थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies