संदेश भारत ,रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के साथ ही भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती भी मनाई गई। इस अवसर पर कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, प्रेरणादायक भाषण, कविता पाठ तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया और देशभक्ति की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के विद्यार्थियों द्वारा "नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त भारत" विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि यदि किसी राष्ट्र के युवाओं को नशे की लत में धकेल दिया जाए तो उसका भविष्य कमजोर हो सकता है। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक में अमित तिवारी, प्रणय सिंह राजपूत, विप्रांश पाठक, अर्पित ज़कारियाह, पुष्पेंद्र देवांगन, मयंक सोनकर, धनेश्वरी साहू, यशु साहू, लुसिका साहू, सागर पाठक, स्वस्तिका राठौर, गरिमा ध्रुव, तृप्ति वैष्णव, वर्षा वर्मा एवं पंकज लकरा ने प्रभावशाली अभिनय किया। कार्यक्रम का मंच संचालन मुस्कान एवं अर्पित ज़कारियाह ने किया।
कार्यक्रम के सभी महत्वपूर्ण पलों को क्रिएटिव फिल्म क्लब की टीम ने कैमरे में कैद किया। फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की जिम्मेदारी मुख्य रूप से प्रवीण देवांगन, रितेश धीवर, मेघराज मालवीय तथा उनकी टीम ने निभाई।
नुक्कड़ टीम एवं क्रिएटिव फिल्म क्लब का सफल संचालन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के विभागाध्यक्ष नृपेंद्र शर्मा के नेतृत्व तथा डॉ. अनिल शुक्ला एवं डॉ. अनामिका शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। उनके निर्देशन में दोनों टीमों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया। जहाँ नुक्कड़ टीम ने अपनी दमदार प्रस्तुति से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया, वहीं क्रिएटिव फिल्म क्लब ने फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से आयोजन के प्रत्येक महत्वपूर्ण क्षण को सहेजते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
स्वतंत्रता दिवस, कुशाभाऊ ठाकरे जयंती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक सरोकार से जुड़े नुक्कड़ नाटक ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम ने देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता, नशा मुक्ति और युवा शक्ति के महत्व का प्रभावशाली संदेश दिया।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies