संदेश भारत रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के Department of Electronic Media में Creative Film Club का उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों में फिल्म निर्माण, स्टोरीटेलिंग, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और अन्य रचनात्मक विधाओं के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. अनिल शुक्ला एवं डॉ. अनामिका शर्मा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस क्लब के माध्यम से निरंतर सीखने, नए प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ छात्र गणपत चंदेल ने Creative Film Club के उद्देश्य, कार्ययोजना एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लब के माध्यम से शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, फोटोग्राफी वर्कशॉप, स्क्रिप्ट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग प्रशिक्षण, फिल्म स्क्रीनिंग और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और क्लब की स्थापना को विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। सभी छात्रों ने इस नए मंच का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन प्रवीण देवांगन ने किया। अंत में अतिथियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए Creative Film Club की सफल एवं रचनात्मक यात्रा की कामना की गई।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies