संदेश भारत, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बैगा समुदाय के एक दंपती की मौत हो गई। घटना मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी की है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक मंगल सिंह (46) घर की दीवार से टिककर बैठे थे, जबकि उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43) घर के बाहर परछी में काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके मकान पर गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन तत्काल एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक दंपती विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) बैगा समुदाय से थे। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies