कोरबा में कोबरा ने युवक को डसा, डॉक्टर ने पहचान के लिए सांप मंगवाया, स्नेक कैचर ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया

कोरबा में कोबरा ने युवक को डसा, डॉक्टर ने पहचान के लिए सांप मंगवाया, स्नेक कैचर ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया

संदेश भारत, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सांप के काटने का एक अनोखा मामला सामने आया है। दादर क्षेत्र निवासी रामदयाल अपने घर के अंदर उगी झाड़ियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वे जमीन में बने एक बिल के पास पहुंचे, जहां एक कोबरा सांप छिपा हुआ था। जैसे ही उन्होंने झाड़ियां हटाने की कोशिश की, कोबरा अचानक बिल से बाहर निकला और उन्हें डस लिया। घटना के तुरंत बाद सांप वापस बिल में चला गया।


सांप के डसने के बाद परिजनों ने बिना देर किए रामदयाल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परिजनों से सांप की पहचान के बारे में जानकारी मांगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मरीज को किस प्रजाति के सांप ने काटा है। इसके बाद स्थानीय स्नेक कैचर को मौके पर बुलाया गया।


स्नेक कैचर ने सावधानीपूर्वक घर में बने बिल से कोबरा का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों को सांप दिखाया गया, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हो सकी। स्नेक कैचर ने बताया कि अस्पताल से फोन आने के बाद ही वह कोबरा को लेकर अस्पताल पहुंचा, क्योंकि डॉक्टर सांप की प्रजाति की पुष्टि करना चाहते थे।

फिलहाल रामदयाल का जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया कि मरीज के साथ कोबरा भी अस्पताल पहुंच गया। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि सांप के काटने की स्थिति में सबसे पहले मरीज को अस्पताल पहुंचाना जरूरी होता है और सांप को पकड़ने की कोशिश केवल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को ही करनी चाहिए।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies