संदेश भारत, रायपुर। राजधानी रायपुर के जे.आर. दानी शासकीय कन्या उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली 75 छात्राओं को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र एवं ₹5,000-₹5,000 का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर पश्चिम विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर नई पहचान बना रही हैं तथा देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने छात्राओं को आगे भी कड़ी मेहनत करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
यह सम्मान समारोह मेधावी छात्राओं का उत्साहवर्धन करने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies