संदेश भारत , मोहला-मानपुर। जिले में राजनांदगांव-मानपुर स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण कार्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। निर्माण कार्य के चलते पुरानी सड़क उखाड़ दी गई है, जिससे कई स्थानों पर गहरे गड्ढे और बारिश के कारण दलदल जैसी स्थिति बन गई है। सड़क का अधिकांश हिस्सा संकरी सिंगल लेन में सिमट जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
निर्माण स्थल पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त संकेतक, चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन कीचड़ और दलदल में फंस चुके हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह स्टेट हाईवे महाराष्ट्र और बस्तर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से रोजाना स्कूली छात्र-छात्राएं, सरकारी कर्मचारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं किए जाने पर लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन अब तक सड़क की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
इस मामले में पीडब्ल्यूडी की कार्यपालन अभियंता रितू खरे ने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए जाएंगे तथा निर्माण स्थल पर चेतावनी और सूचना बोर्ड लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies