भिलाईनगर : युगांतर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (YITM), राजनांदगांव के बंद होने के बाद छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने वहां अध्ययनरत 68 बीटेक छात्रों के हित में बड़ा फैसला लिया है। विश्वविद्यालय ने सभी विद्यार्थियों को दुर्ग-भिलाई के अन्य तकनीकी संस्थानों में स्थानांतरित कर दिया है।
इनमें 28 नियमित और 40 डिटेंड श्रेणी के छात्र शामिल हैं। कुल 67 छात्रों को छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CSIT), दुर्ग में तथा एक छात्र को आरएसआर रुगंटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, भिलाई में स्थानांतरित किया गया है। विश्वविद्यालय ने निर्देश दिया है कि सभी छात्र 1 सितंबर तक नए संस्थान में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई जारी रखें।
संबंधित कॉलेजों को छात्रों के प्रवेश, ट्रांसफर प्रमाण-पत्र और नए रोल नंबर की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नियमित और डिटेंड दोनों श्रेणी के छात्र सेमेस्टर परीक्षा की पात्रता पूरी करने के बाद ही मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies