बिलासपुर हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्यवाई, दोनों पक्षों के 11 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्यवाई, दोनों पक्षों के 11 आरोपी गिरफ्तार

28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए बवाल के बाद कार्रवाई तेज, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में अब तक 11 गिरफ्तार; CCTV और ड्रोन से अन्य आरोपियों की तलाश जारी

संदेश भारत,बिलासपुर । न्यायधानी बिलासपुर में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद समेत अन्य आरोपियों पर FIR दर्ज की थी। इसके बाद संदिग्धों की धरपकड़ शुरू की गई। पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें से अब दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अपराध क्रमांक 488/2026 में 8 गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक अपराध क्रमांक 488/2026 के तहत 8 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद के रूप में हुई है।

अपराध क्रमांक 489/2026 में 3 आरोपी गिरफ्तार

वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार राजू यादव और राकेश यादव कुंदरापारा के रहने वाले हैं, जबकि छत्रपाल साहू डबरीपारा निवासी है

बवाल में 8 वाहनों और दुकान में तोड़फोड़

घटना के दौरान पथराव के साथ तोड़फोड़ की भी जानकारी सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक बवाल में 8 वाहनों और एक दुकान को नुकसान पहुंचाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों में 6 चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक बाइक शामिल है। पथराव के दौरान एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए।

पथराव में 9 पुलिसकर्मी घायल

स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिसकर्मी भी पथराव की चपेट में आए। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। टीआई के सिर में चोट आने की जानकारी सामने आई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया।

खपरगंज समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस बल के अलावा दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर तैनात किया गया है।

इलाके में लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है

CCTV और ड्रोन से अन्य आरोपियों की पहचान

पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी कर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Author lusika sahu
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies