संदेश भारत,सिमगा। थाना सिमगा में लंबित मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर भाटापारा विधायक इंद्र साव सोमवार को पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक ने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होगी और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
विधायक इंद्र साव ने आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र में कई शिकायतें महीनों से लंबित हैं, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने एसडीओपी और थाना प्रभारी से चर्चा कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
धरने के दौरान पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज, सामाजिक बहिष्कार, जान से मारने की धमकी तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे जैसे मामलों की शिकायतें पुलिस को दी गई थीं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
विधायक ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और कानून के निष्पक्ष पालन के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित मामलों की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies