राजधानी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, 101 किलो दूध से होगा अभिषेक

राजधानी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, 101 किलो दूध से होगा अभिषेक

संदेश भारत रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राजधानी रायपुर में शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहेगा। शहर के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों में भजन-कीर्तन, झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन होगा। वहीं, विभिन्न चौक-चौराहों पर दही हांडी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

101 किलो दूध से होगा भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक

समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में सुबह 7 बजे 101 किलो दूध से भगवान श्रीकृष्ण का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान का विशेष श्रृंगार होगा। सुबह 9 बजे से श्रद्धालु श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी के दर्शन कर सकेंगे। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं, 5 सितंबर को दोपहर 2 बजे रानी सती दादी का मंगल पाठ आयोजित होगा।

श्री बांके बिहारी मंदिर में भजन संध्या

नयापारा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर ट्रस्ट में सुबह 8 से 10 बजे तक दूधाभिषेक होगा। सुबह 11:30 बजे श्रृंगार दर्शन के बाद दोपहर 3 बजे भजन प्रस्तुति और शाम 7 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन गायक कैलाश सोनी एवं उनकी टीम भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान करेगी।

सुहागा मंदिर में होंगे धार्मिक आयोजन

ब्राह्मणपारा स्थित श्री राधाकृष्ण स्वामी मुरली मनोहर सुहागा मंदिर में रात 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान भजन-कीर्तन, पूजन और जन्मोत्सव के आयोजन होंगे।

501 लीटर दूध से होगा दुग्धाभिषेक

जवाहर नगर स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर के श्री राधाकृष्ण मंदिर में सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 501 लीटर दूध से श्री जुगलजोड़ी का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। सुबह 10:45 बजे भगवान को भोग अर्पित किया जाएगा, 11 बजे आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण होगा। यहां 5 सितंबर को नंदोत्सव भी मनाया जाएगा।

दही हांडी प्रतियोगिताओं की भी रहेगी धूम

जन्माष्टमी के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में दही हांडी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। गोविंदाओं की टोलियां पारंपरिक उत्साह के साथ हांडी फोड़ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की हैं।

Author Praveen dewangan
संपर्क करें

RAIPUR, CHHATISGARH

+91 9926144192

sandeshbharat.enquiry@gmail.com

सोशल मीडिया

© Sandesh Bharat. All Rights Reserved. Powered by Tivra Technologies