कटघोरा। कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर गुरुवार शाम एक दंतैल (लोनार) हाथी के हाईवे पर पहुंचने से करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। मोरगा और चोटिया के बीच कपाननवापारा जंगल के पास शाम करीब 5 बजे हाथी सड़क पर आ गया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
वाहनों की ओर दौड़ा हाथी, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी सड़क के बीचों-बीच खड़ा हो गया और गुजरने वाले वाहनों की ओर दौड़ने लगा। स्थिति को देखते हुए वाहन चालकों ने अपने वाहन पीछे कर सुरक्षित दूरी बनाई। अचानक हाथी के आ जाने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मरवाही से कटघोरा पहुंचा दंतैल
वन विभाग के अनुसार यह दंतैल हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र से भटककर कटघोरा वन मंडल पहुंचा है। इससे पहले भी हाथी ग्रामीण इलाकों में कई मकानों को नुकसान पहुंचा चुका है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र का वन अमला और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंच गया। रेंजर, डिप्टी रेंजर और मैदानी कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सायरन और हूटर की मदद से हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा। हाथी के जंगल लौटने के बाद ही हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल से सटे इलाकों और हाईवे पर सफर करते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे उकसाने का प्रयास न करें।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies