संदेश भारत दुर्ग, 10 सितंबर 2026। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यू.टी.डी.) के एम.एससी. पाठ्यक्रम के प्रथम बैच का दीक्षा आरंभ समारोह विश्वविद्यालय के पोटिया स्थित नवनिर्मित भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि मेजर जनरल अजय कुमार शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासित जीवन जीने, समय का सदुपयोग करने तथा नियमित अध्ययन एवं पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय के कुलपति माननीय प्रोफेसर डॉ. संजय तिवारी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विषयगत ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों एवं डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर अपने कौशल को विकसित करने तथा शोध एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। यह आयोजन एम.एससी. के प्रथम बैच के लिए उच्च शिक्षा के नए अध्याय की प्रेरणादायी शुरुआत रहा।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies