रायपुर। राजधानी रायपुर में सफाई कार्य में लापरवाही के मामले में नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 स्थित बीएसयूपी खालबाड़ा में लगातार चार दिनों तक सफाई कार्य बंद रहने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। निगम ने ठेकेदार मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार द्वारा 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक बिना पूर्व अनुमति और सूचना के सफाई संबंधी कार्य बंद रखा गया था। इससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जोन क्रमांक 9 के स्वास्थ्य विभाग ने ठेकेदार से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने ठेकेदार को उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तत्काल सफाई कार्य शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार लाने को कहा गया है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है या सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होता है, तो नियमानुसार ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। इस कार्रवाई के जरिए निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही और जनहित से जुड़े कार्यों में अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
© Sandesh Bharat. All Rights Reserved.
Powered by Tivra Technologies